गाजियाबाद कमिश्नरेट ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड के संचालन हेतु मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। इसका उद्देश्य छेड़छाड़, पीछा करने, अश्लील टिप्पणी और उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। एसओपी में टीम की कार्यप्रणाली, गश्त, पूछताछ, शिकायतों पर कार्रवाई और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
एसओपी के अनुसार स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों, बाजारों, पार्कों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों को संवेदनशील क्षेत्र मानते हुए प्राथमिकता के आधार पर निगरानी की जाएगी। प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के हॉटस्पॉट चिह्नित कर उनकी सूची तैयार करेगा। स्क्वाड निर्धारित रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन भ्रमण करेगा और जरूरत पड़ने पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा सकेगी।
पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी व्यक्ति को केवल महिला या युवती के साथ बैठे होने अथवा बातचीत करने के आधार पर परेशान नहीं किया जाएगा। पूछताछ के दौरान सम्मानजनक व्यवहार अनिवार्य होगा और बिना वैध आधार के युवक-युवती को थाने नहीं ले जाया जाएगा। वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने, नाम-पता या फोटो सार्वजनिक करने और अपमानजनक व्यवहार पर भी रोक लगाई गई है।
शिकायत मिलने पर महिला पुलिसकर्मी पीड़िता से संवाद करेंगी। पहचान गोपनीय रखी जाएगी और तत्काल खतरे की स्थिति में 112 के माध्यम से सहायता पहुंचाई जाएगी। साइबर उत्पीड़न के मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी मुख्यालय बलवंत कुमार चौधरी के अनुसार एंटी रोमियो टीम के लिए एसओपी बनाकर लागू कर दी गई है। कमिश्नरेट के प्रत्येक थाने में चार सदस्यों की एंटी रोमियो टीम है।
