संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की विश्व जनसंख्या की स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, भारत की कुल आबादी 147.66 करोड़ है और अगले 81 वर्षों में इसके दोगुना होने का अनुमान है। भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है, जबकि चीन 141.29 करोड़ की आबादी के साथ दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश की 26 प्रतिशत आबादी 10-24 वर्ष, 17 प्रतिशत 10-19 वर्ष और 24 प्रतिशत 0-14 वर्ष के आयु वर्ग में है। वहीं, 69 प्रतिशत लोग 15-64 वर्ष और आठ प्रतिशत 65 वर्ष या इससे अधिक उम्र के हैं।
जनसांख्यिकीय भविष्य सर्वेक्षण 2026 के अनुसार, 18-39 वर्ष की महिलाओं ने परिवार के आदर्श आकार के रूप में औसतन 2.1 बच्चों की इच्छा जताई, जबकि 35-39 वर्ष की महिलाओं के औसतन एक बच्चा था। इस आयु वर्ग के करीब 85 प्रतिशत ऐसे उत्तरदाताओं ने माता-पिता बनने की इच्छा जताई, जिनकी कोई संतान नहीं है। देश में कुल प्रजनन दर प्रति महिला दो जन्म है, जो प्रतिस्थापन स्तर 2.1 के करीब है, हालांकि राज्यों में इसमें अंतर है—सिक्किम में यह दर एक और बिहार में 2.7 है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2022-24 के दौरान भारत में मातृ मृत्यु अनुपात प्रति एक लाख जीवित जन्म पर 87 रहा। कुशल स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में प्रसव का अनुपात एनएफएचएस-5 के 89.4 प्रतिशत से बढ़कर एनएफएचएस-6 में 91.3 प्रतिशत हो गया। हालांकि, आधुनिक गर्भनिरोधक तरीकों का इस्तेमाल 56.4 से घटकर 52.7 प्रतिशत रह गया, जबकि पारंपरिक तरीकों का उपयोग 10.3 से बढ़कर 16.4 प्रतिशत हो गया। सर्वेक्षण में 83 प्रतिशत लोगों ने भविष्य को लेकर सकारात्मक रुख जताया, जबकि 47 प्रतिशत ने संघर्ष, आर्थिक असुरक्षा और असमानता को लेकर चिंता व्यक्त की।
रिपोर्ट के मुताबिक, 22.3 प्रतिशत महिलाओं ने पिछले 12 महीनों में अपने अंतरंग साथी की ओर से हिंसा की जानकारी दी। वहीं, 64 प्रतिशत महिलाओं के पास निजी मोबाइल फोन है—शहरी क्षेत्रों में यह अनुपात 77.6 और ग्रामीण क्षेत्रों में 57.4 प्रतिशत है। भारत में यूएनएफपीए की प्रतिनिधि एंड्रिया एम. वोजनार ने कहा कि देश ने स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और अब युवाओं की राय को नीतियों और कार्यक्रमों में शामिल करना जरूरी है।
