नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को देखते हुए CAQM की ओर से लगाई गई अतिरिक्त एहतियाती पाबंदियां शुक्रवार रात खत्म हो गईं। इसके साथ ही शनिवार से दिल्ली को छोड़कर एनसीआर के अन्य शहरों में निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियां फिर शुरू हो सकेंगी। वहीं, दिल्ली के पड़ोसी शहरों में सरकारी और निजी कार्यालयों में 50% कर्मचारियों के वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था भी खत्म हो जाएगी।
CAQM ने 30 अक्टूबर को आदेश जारी कर 5 से 20 नवंबर तक एनसीआर में धूल उड़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर रोक लगाई थी। इसके तहत दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर के सरकारी और निजी कार्यालयों को 50% कर्मचारियों के साथ काम करने का निर्देश दिया गया था। कुछ जरूरी सेवाओं और औद्योगिक इकाइयों को इससे छूट दी गई थी।
दिल्ली में निर्माण गतिविधियों पर दिल्ली सरकार की ओर से लगाई गई अलग पाबंदियां लागू रहेंगी। दिल्ली सरकार की शीतकालीन कार्ययोजना के तहत राजधानी में धूल उड़ाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर 31 जनवरी तक रोक है। इसके अलावा 10 दिसंबर से 20 जनवरी तक सभी तरह के निर्माण और तोड़फोड़ पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम भी दिल्ली में लागू रहेगा।
CAQM की समयबद्ध पाबंदियां खत्म होने से गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और नोएडा में निर्माण गतिविधियों को राहत मिलेगी। हालांकि, जिन निर्माण स्थलों को नियमों के उल्लंघन के कारण अलग से बंद करने के आदेश दिए गए हैं, वे संबंधित अनुमति के बिना काम शुरू नहीं कर सकेंगे।
