चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं को अब वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। भारतीय सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की। सेना के अनुसार, रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से परामर्श के बाद पुरस्कार विजेताओं के लिए पहले से उपलब्ध मुफ्त रेल यात्रा सुविधा का दायरा बढ़ाया है। इस बदलाव के साथ पुरस्कार विजेताओं के मौजूदा यात्रा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सेेना ने इसे वीरता का सम्मान करने की एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल बताया है। सेना के मुताबिक, यह कदम देश के योद्धाओं के साहस, बलिदान और सेवा के योगदान को पहचानने तथा उनके सम्मान के लिए रेलवे और रक्षा मंत्रालय की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आजादी के बाद सरकार ने सबसे पहले तीन वीरता पुरस्कार शुरू किए थे—परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र। इनकी स्थापना 26 जनवरी 1950 को की गई थी, हालांकि इन्हें 15 अगस्त 1947 से प्रभावी माना गया। बाद में तीन अन्य वीरता पुरस्कार भी शुरू किए गए। छह वीरता पुरस्कारों का वरीयता क्रम इस प्रकार है: परमवीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र।
रेलवे की पुरानी व्यवस्था में इन पुरस्कार विजेताओं को कॉम्प्लिमेंट्री कार्ड पास दिए जाते थे, जिसके तहत पात्र विजेताओं को जीवनभर रेल यात्रा की सुविधा मिलती थी। रेलवे ने समय-समय पर इस सुविधा में बदलाव किए। फरवरी 2014 में परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं के कॉम्प्लिमेंट्री पास को राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी ट्रेनों में प्रथम एसी या एग्जीक्यूटिव क्लास में यात्रा के लिए भी मान्य किया गया था। अगस्त 2017 में अशोक चक्र और कीर्ति चक्र विजेताओं को भी समान मुफ्त रेल यात्रा सुविधा देने का फैसला किया गया था। अब नई व्यवस्था के तहत इस सुविधा का विस्तार सभी ट्रेनों तक कर दिया गया है।
