चंदौली जिला मुख्यालय के फुटिया और जगदीशसराय के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल दो फॉर्च्यूनर वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक फॉर्च्यूनर सड़क पर पलट गई और दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। काफिले में शामिल कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि स्कॉर्पियो सवार सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर निवासी पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के समय विधायक सुशील सिंह भी काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनके वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, विधायक का काफिला जिला मुख्यालय की ओर जा रहा था। इसी दौरान फुटिया के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने काफिले की एक फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर पलट गई। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और आगे जगदीशसराय के पास काफिले की दूसरी फॉर्च्यूनर को भी टक्कर मार दी, जिससे वह भी क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। विधायक सुशील सिंह ने इस घटना को सुनियोजित हमला बताया है। उनका कहना है कि काफिले को निशाना बनाकर टक्कर मारी गई।
उधर, कोतवाली पुलिस घटना की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों तथा पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
