चंदौली के शहाबगंज में गुरुवार को डीएपी खाद वितरण के दौरान समिति पर भारी भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति रही। बी-पैक्स शहाबगंज समिति खुलने से पहले ही सुबह किसान कतार में लग गए थे। समिति पर 600 बोरी डीएपी का वितरण किया गया, लेकिन इसके बाद भी 300 से अधिक किसान खाली हाथ लौट गए। दोपहर तक कतार में खड़े रहने के बावजूद कई किसानों को बिना खाद लिए ही वापस जाना पड़ा।

खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था और किसानों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बावजूद किसानों की नाराजगी कम नहीं हुई और हंगामे की स्थिति बनी रही। किसान श्रीप्रकाश सिंह और नसीम ने समिति कर्मचारियों पर सत्ता पक्ष के लोगों के दबाव में खाद वितरण करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अपने चहेते लोगों को खाद उपलब्ध कराई गई, जबकि सुबह से लाइन में खड़े कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि फार्मर्स रजिस्ट्रेशन, किसान आईडी और आधार कार्ड बनवाने के बाद भी खाद प्राप्त करने में पहले से अधिक परेशानी हो रही है। वहीं, बफर गोदाम में भरपूर उर्वरक होने के बावजूद समितियों पर मारामारी की स्थिति बनी हुई है। आरोप है कि सचिवों की लापरवाही के चलते आवंटन के बाद भी उठान नहीं किया जा रहा है।

समिति सचिव ने बताया कि 135 किसानों को डीएपी वितरित की गई, जबकि चालीस किसानों को लौटना पड़ा है।