चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे आईईडी बरामदगी के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ जिला अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने शनिवार को लवप्रीत और जश्नदीप के खिलाफ यह चार्जशीट दाखिल की, जिसमें करीब 20 से 22 गवाह बनाए गए हैं। पुलिस जांच के मुताबिक इस साजिश में विदेश में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के हैंडलर सत्ता नौशेरा का नाम सामने आया है। चार्जशीट के अनुसार आरोपी उसके संपर्क में थे और उसी के इशारे पर आईईडी लगाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस को इसकी भनक पहले ही लग गई थी और समय रहते आरोपियों को पकड़ लिया गया। मामले में तीसरा आरोपी नाबालिग है, जिसके खिलाफ जुवेनाइल कोर्ट में केस चलेगा।

पुलिस ने करीब तीन महीने पहले 23 अगस्त को सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे एक बैग में टिफिन बॉक्स के अंदर आईईडी बरामद की थी। मौके से करीब पांच किलो जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट से संचालित होने वाला उपकरण, पिस्टल, मैगजीन और पांच कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें तरनतारन के सहराली गांव का 19 साल का लवप्रीत सिंह, 21 साल का जश्नदीप सिंह और एक नाबालिग शामिल था।

पुलिस जांच के अनुसार आरोपियों के संपर्क में सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा का नाम सामने आया। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में सत्ता नौशेरा का नाम पंजाब में बीकेआई से जुड़े आतंकी मॉड्यूल और हथियार-विस्फोटक सप्लाई नेटवर्क के मामलों में भी सामने आ चुका है। जांच एजेंसियों के अनुसार वह विदेश में रहकर पंजाब के युवकों को आतंकी गतिविधियों के लिए जोड़ने और निर्देश देने का काम करता है। पंजाब में पहले भी उसके नाम से जुड़े कई मॉड्यूल के आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस मामले में भी चंडीगढ़ पुलिस आरोपियों से विदेशी फंडिंग की जांच कर रही है।