भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को पंजाब में पार्टी की जीत का रास्ता बताया है। सेक्टर-27 में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के जरिये पंजाब में पार्टी के विस्तार की राह तैयार की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जल्द ही पंजाब में कांग्रेस और अन्य विरोधी दलों को चुनौती देगी। कार्यकर्ताओं से उन्होंने पूरी ताकत और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरने तथा चंडीगढ़ में कमल खिलाने का आह्वान किया।
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। सम्मेलन में नबीन ने दिल्ली में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि अब चंडीगढ़ के रास्ते पंजाब में भी पार्टी के विस्तार का रास्ता तैयार किया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला है, चार करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ हुआ है और तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की दिशा में काम हुआ है।
नबीन ने कहा कि चंडीगढ़ सैनिकों और पूर्व सैनिकों के परिवारों का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश के सैनिकों को सम्मान और सुरक्षा मिली है और भारत आज किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। सीमावर्ती गांवों पर उन्होंने कहा कि पहले इन्हें देश का अंतिम गांव माना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इन्हें देश का पहला गांव बताया।
