चंडीगढ़ के सेक्टर-44 स्थित दिव्य पब्लिक स्कूल में पांच वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अभिभावकों का आरोप है कि 20 नवंबर को स्कूल के क्लासरूम में बच्चे के साथ मारपीट की गई। शनिवार को अभिभावक स्कूल पहुंचे, लेकिन प्रबंधन ने उनकी बात सुनने से मना कर दिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।

अभिभावकों के अनुसार, बच्चे के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे वह मानसिक तनाव में है। उनका कहना है कि घटना के बाद बच्चा इतना सहमा हुआ है कि शनिवार को स्कूल जाने के लिए भी तैयार नहीं था। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया है।

अभिभावक किरण ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक अभिभावकों की ओर से स्कूल शिक्षा विभाग या चाइल्ड राइट्स कमीशन में कोई शिकायत नहीं की गई है।