वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर में कार्तिक उत्सव के तहत रविवार को श्रीश्रीराधा वृंदावन चंद्र की भव्य रथयात्रा निकाली गई। चालीस फुट ऊंचे चंदन के रथ पर ठाकुरजी विराजमान हुए और रथ के आगे धर्मदंड लेकर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल चलीं। शोभायात्रा में एडीजी एसके भगत और विधायक श्रीकांत शर्मा भी शामिल हुए।
छटीकरा मार्ग स्थित चंद्रोदय मंदिर में तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव चल रहा है, जिसमें रविवार को रथयात्रा महोत्सव मनाया गया। गर्भगृह से पालकी में ठाकुरजी को बाहर लाकर फूलों से सजे चंदन के रथ पर विराजमान किया गया। विभिन्न प्रकार के फूलों और विद्युत प्रकाश से सजा चालीस फुट ऊंचा यह रथ भारतीय पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि और हरिनाम संकीर्तन के साथ आगे बढ़ा, तो मंदिर परिसर भक्तों के जयकारों से गूंज उठा।
रथयात्रा ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया। भक्तों ने दिव्य रथ को खींचकर पूरे प्रांगण की परिक्रमा कराई और जगह-जगह आरती उतारकर तथा पुष्पवर्षा कर ठाकुरजी का स्वागत किया। शोभायात्रा में धर्मदंड लेकर चलीं साइना नेहवाल, एडीजी एसके भगत और विधायक श्रीकांत शर्मा ने आराध्य की आरती उतारकर मंदिर में दीपदान किया। भक्ति संगीत और महामंत्र संकीर्तन के बीच निकली इस शोभायात्रा ने वातावरण को आस्था के रंग में सराबोर कर दिया।
रथयात्रा के समापन पर भगवान श्रीश्रीराधा वृंदावन चंद्र को छप्पन भोग अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्रीदामोदराष्टकम का गान किया और आराध्य के चरणों में दीपदान किया। दीपकों की स्वर्णिम आभा, पुष्पों की सज्जा और हरिनाम संकीर्तन की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
