जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा में अंकपत्रों की व्यापक गड़बड़ी के खिलाफ छात्राओं ने शुक्रवार को अनोखा दंड प्रणाम आंदोलन किया। शोध विद्यार्थी संगठन (आरएसए) की छात्रा इकाई ने छात्रा सह प्रमुख अजीमा खातून के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया। छात्राओं ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक भुईं परी करते हुए मार्च किया। उनका कहना था कि शायद भगवान के दंड प्रणाम से प्रशासन को सद्बुद्धि मिले और विद्यार्थियों का भविष्य सुधर सके।

संगठन के अनुसार, स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम के सत्र 2023-27, 2024-28 और 2025-29 के सेमेस्टर एक से पांच तक के अंकपत्रों में व्यापक त्रुटियां हैं। कई महाविद्यालयों में आंतरिक परीक्षा नहीं हुई और कहीं अंक विश्वविद्यालय को भेजे ही नहीं गए, फिर भी अंकपत्रों में आंतरिक अंक दर्ज हैं। छात्राओं ने सवाल किया कि बिना परीक्षा और अंक के विद्यार्थियों को अंक कैसे मिल गए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर दर्ज आवेदन भी लंबित हैं।

छात्रा इकाई ने त्रुटियों की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और संशोधित अंकपत्र जारी करने की मांग की। साथ ही लंबित शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया। अजीमा खातून ने चेतावनी दी कि समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा। प्रदर्शन में मोती कुमारी, रुक्सार, सपना रजनी, इशरत, आलिया, जुली, रूबी, संजना, सोनी, जूही, अलीना और रानी सहित दर्जनों छात्राएं शामिल थीं।