चर्लपल्ली से बरौनी के लिए शुक्रवार को स्पेशल ट्रेन चलेगी। वापसी में 22 नवंबर को चलने वाली यह ट्रेन बरौनी के बदले दरभंगा से चर्लपल्ली के बीच चलाई जाएगी। इस ट्रेन में आठ स्लीपर और 11 जनरल कोच जुड़ेंगे। 07561 चर्लपल्ली-बरौनी स्पेशल शुक्रवार को दोपहर दो बजे खुलेगी और अगले दिन दोपहर तीन बजे बोकारो, 4:08 बजे चंद्रपुरा, 4:35 बजे कतरास और शाम 5:45 बजे धनबाद पहुंचेगी। देर रात दो बजे यह बरौनी पहुंचेगी। वापसी में 07562 दरभंगा-चर्लपल्ली स्पेशल रविवार दोपहर 1:30 बजे दरभंगा से रवाना होगी और रात 11:25 बजे धनबाद तथा एक बजे चंद्रपुरा होकर मंगलवार सुबह 6:00 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी। दरभंगा-चर्लपल्ली स्पेशल में शुक्रवार से टिकटों की बुकिंग शुरू होने की संभावना है।
साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज (एफओबी) निर्माण के लिए 21 नवंबर को चार घंटे का रेल ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे की सूचना के अनुसार, ट्रैफिक और पावर ब्लॉक रात 12:10 बजे से सुबह 4:10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका है।
इसके अलावा, 20 नवंबर को दो ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 13023 हावड़ा-गया एक्सप्रेस साहिबगंज में अपने निर्धारित समय रात आठ बजे के बजाय रात 10 बजे पहुंचेगी और करीब दो घंटे की देरी से रवाना होगी। ट्रेन संख्या 13071 हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस का निर्धारित समय रात 9:30 बजे के बजाय रात 10:30 बजे कर दिया गया है। यह ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से रवाना होगी।
रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों का संशोधित समय जांचने की सलाह दी है, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
