मुजफ्फरनगर के चरथावल-थानाभवन मार्ग पर बसे करीब 50 गांवों को जल्द ही रोडवेज बसों की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके लिए मुजफ्फरनगर रोडवेज से जलालाबाद डिपो को 20 बसें उपलब्ध कराई जाएंगी और जलालाबाद रोडवेज स्टेशन से चरथावल मार्ग पर बसों का संचालन होगा।

क्षेत्र में नियमित रोडवेज बस सेवा न होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना जिला मुख्यालय व आसपास के कस्बों में आने-जाने वाले यात्रियों को प्राइवेट बसों, निजी वाहनों या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। बसों की कमी के चलते कई बार यात्रियों को लंबा इंतजार भी करना पड़ता है। ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग पर रोडवेज बसों के संचालन की मांग उठा रहे थे और करीब 50 गांवों के लोगों की ओर से रोडवेज अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है।

भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि बस सेवा शुरू कराने के लिए कई बार धरना-प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों की समस्या को लेकर हाल ही में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर भी बस सेवा शुरू कराने की मांग की गई थी। उनके अनुसार जलालाबाद डिपो को 20 बसें मिलने के बाद क्षेत्र में परिवहन सुविधा बेहतर होगी और विद्यार्थियों व नौकरीपेशा लोगों को रोजाना आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिल सकेगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार जलालाबाद डिपो के संचालन के बाद थानाभवन-चरथावल मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा। मुजफ्फरनगर डिपो की 20 बसों को जल्द ही जलालाबाद डिपो भेजा जाएगा, जिससे इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी।