हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर की रहने वाली छोंजिन आंग्मो ने नेत्रहीन होने के बावजूद माउंट एवरेस्ट फतह कर इतिहास रचा है। उन्होंने 19 मई 2025 को 8,848.86 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट का सफल आरोहण किया। इस उपलब्धि के साथ वह एवरेस्ट फतह करने वाली भारत की पहली और दुनिया की पांचवीं नेत्रहीन महिला पर्वतारोही बनीं।

भारत-तिब्बत सीमा से सटे दूरदराज गांव चांगो में जन्मी आंग्मो ने महज आठ वर्ष की उम्र में आंखों की रोशनी गंवा दी थी, लेकिन उन्होंने अपने सपनों को मरने नहीं दिया। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह दिल्ली में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में कस्टमर सर्विस एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं। पर्वतारोहण के अलावा उन्होंने साइकिलिंग, तैराकी, मैराथन दौड़ और मार्शल आर्ट्स में भी उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था।

धर्मशाला में टोंग-लेन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित वार्षिक 'थैंक यू डे' समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं आंग्मो ने अपने आगामी लक्ष्य साझा किए। उन्होंने दुनिया की चार और सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर चढ़ाई कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की इच्छा जताई। उनका लक्ष्य पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करने के साथ-साथ दिव्यांगजनों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है।

आंग्मो का मानना है कि असाधारण उपलब्धियां हासिल करने के लिए आंखों की रोशनी होना जरूरी नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास सबसे अधिक मायने रखते हैं। किन्नौर के छोटे से सीमावर्ती गांव से निकलकर दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी तक पहुंचने वाली आंग्मो की उपलब्धि हिमाचल प्रदेश और पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।