बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने में टीकाकरण सबसे प्रभावी तरीकों में से एक माना जाता है। टीका लगने पर उसमें मौजूद एंटीजन बच्चे के इम्यून सिस्टम को सक्रिय करते हैं और शरीर में एंटीबॉडीज बनती हैं, जो बीमारी फैलाने वाले कीटाणुओं को संक्रमण फैलाने से पहले ही रोक देती हैं। समय पर टीकाकरण से बच्चे को टीबी, पोलियो, खसरा, गलसुआ, रूबेला, डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी, न्यूमोकोकल बीमारियों और रोटावायरस डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है।
हालांकि, वैक्सीनेशन को लेकर समाज में कई भ्रम फैले हुए हैं, जिनका असर बच्चे के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। अक्सर लोग वैक्सीनेशन और इम्यूनाइजेशन को एक ही मान लेते हैं, जबकि बच्चे को बीमारी से बचाव के लिए टीका देना वैक्सीनेशन कहलाता है और टीके के बाद शरीर में बीमारियों से लड़ने की क्षमता विकसित होना इम्यूनाइजेशन कहलाता है।
डॉक्टरों के अनुसार, किसी भी टीके को मंजूरी मिलने से पहले कड़े टेस्ट और ट्रायल्स से गुजरना पड़ता है और बाद में भी उसकी सुरक्षा पर नजर रखी जाती है। टीके सुरक्षित और प्रभावी होते हैं। हल्का बुखार या इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द जैसे साइड इफेक्ट अस्थायी होते हैं और एक-दो दिन में ठीक हो जाते हैं। स्वस्थ दिखने वाले बच्चे भी खसरा, काली खांसी या मेनिनजाइटिस जैसी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं, इसलिए हर बच्चे का सही समय पर टीकाकरण जरूरी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चे की इम्युनिटी हर दिन हजारों कीटाणुओं के संपर्क में आती है और बचपन में दिए जाने वाले टीकों की संख्या से कोई समस्या नहीं होती। टीकों से ऑटिज्म होने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। बच्चों को उम्र के हिसाब से टीका लगता है, जो उनकी इम्युनिटी के आधार पर तय होता है, इसलिए डॉक्टर की बताई तारीख के आस-पास ही टीका लगवाना चाहिए। हर बच्चे का टीकाकरण जरूरी है, क्योंकि दूसरों पर निर्भर रहने से बच्चा कई जानलेवा बीमारियों के खतरे में पड़ सकता है। यह जानकारी डॉ. अभिमन्यु सेनगुप्ता, सीनियर कंसल्टेंट, जनरल पीडियाट्रिक्स, अंकुरा हॉस्पिटल फॉर वुमन एंड चिल्ड्रन, पुणे ने दी।
