बच्चों पर पढ़ाई, दोस्तों, माता-पिता की अपेक्षाओं और सोशल मीडिया का बढ़ता दबाव मानसिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है। दिल्ली में छात्रों की आत्महत्या की हालिया घटनाओं और अध्ययनों ने इस समस्या की गंभीरता को उजागर किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक बच्चों की मानसिक परेशानी को समय रहते पहचानना बेहद जरूरी है, क्योंकि उम्र के हिसाब से उनकी परेशानियां बदलती हैं।
अब बच्चों की परेशानी केवल परीक्षा में कम अंक आने तक सीमित नहीं है। कम उम्र में ही वे दोस्तों के बीच स्वीकार्यता, माता-पिता की अपेक्षाओं, शारीरिक बदलाव, इंटरनेट मीडिया पर तुलना और भविष्य की चिंता से जूझ रहे हैं। कई बार यह तनाव उनके व्यवहार, पढ़ाई और रिश्तों में दिखता है, लेकिन परिवार और स्कूल इसे जिद या उम्र का सामान्य बदलाव मानकर नजरअंदाज कर देते हैं।
दिल्ली में विद्यार्थियों से जुड़ी हालिया घटनाओं ने इस चुनौती को और गंभीर बना दिया है। इसी वर्ष अक्टूबर में पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय में 17 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को छात्रा के बैग से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला था। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, उसमें निजी संबंधों और माता-पिता की अपेक्षाओं का जिक्र था। नवंबर 2025 में सेंट कोलंबस स्कूल के 10वीं के 16 वर्षीय छात्र की आत्महत्या के बाद परिवार ने शिक्षकों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। छात्र के नोट में भी शिक्षकों के व्यवहार को लेकर शिकायतें थीं। मामले में चार कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। उच्च शिक्षा संस्थानों में भी स्थिति चिंताजनक है। आईआईटी दिल्ली में विद्यार्थियों की आत्महत्या की घटनाओं ने अकादमिक दबाव, अकेलेपन और मानसिक स्वास्थ्य सहायता की उपलब्धता पर सवाल खड़े किए हैं। संस्थान में 2023 से अब तक आठ विद्यार्थियों की आत्महत्या से मौत की जानकारियां सामने आई हैं।
दिल्ली एससीईआरटी की 2025-26 की स्टडी में सरकारी स्कूलों के परामर्श संबंधी मामलों में 34 प्रतिशत विद्यार्थियों में चिंता और पढ़ाई का तनाव दर्ज किया गया। 21 प्रतिशत मामलों में साथियों से विवाद और आक्रामक व्यवहार, 16 प्रतिशत में पढ़ाई व एकाग्रता की परेशानी और 14 प्रतिशत में करियर की अनिश्चितता और अभिभावकों का दबाव सामने आया। निजी और सरकारी स्कूलों को शामिल करने वाले दक्षिण दिल्ली के 679 विद्यार्थियों पर 2025 में प्रकाशित अध्ययन में 25.92 प्रतिशत में अवसाद और 13.70 प्रतिशत में चिंता के लक्षण पाए गए। वहीं, सेंट्रल दिल्ली के 1,521 विद्यार्थियों पर 2026 में प्रकाशित अध्ययन में 22.5 प्रतिशत में नींद की कमी और करीब 60 प्रतिशत में अवसाद के लक्षण दर्ज हुए थे। परीक्षा का दबाव, प्रतिस्पर्धा, अभिभावकों की अपेक्षाएं और करियर की चिंता बच्चों में तनाव बढ़ाने वाले प्रमुख कारक हैं।
कई बार चिंता और अवसाद जैसी परेशानियां समय पर पहचान में नहीं आतीं। छोटी उम्र के बच्चों में अलगाव की चिंता, नींद की समस्या और शारीरिक शिकायतें तनाव के संकेत हो सकते हैं। किशोरों में सामाजिक चिंता, अवसाद के लक्षण, पढ़ाई का दबाव, आनलाइन व्यवहार और साथियों से तुलना अधिक देखने को मिलती है। बच्चों में अचानक व्यवहार बदलने, चिड़चिड़ापन, अकेले रहने, पढ़ाई में गिरावट और बिना स्पष्ट कारण शारीरिक शिकायतों को गंभीरता से लेना चाहिए और ऐसे व्यवहार की शीघ्र पहचान करना जरूरी है। यह जानकारी हिमांशु कुमार सिंह, लेक्चरर, इहबास ने दी।
