ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन द्वारा भारत की अंतरिक्ष आधारित जासूसी किए जाने का दावा एक रिपोर्ट में सामने आया है। बेंगलुरु स्थित स्पेस सर्विलांस कंपनी 'दिगंतरा' की रिपोर्ट के आधार पर 'द प्रिंट' ने यह विश्लेषण प्रकाशित किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 और 11 मई 2025 को चीन के तीन सर्विलांस उपग्रह गुजरात तटरेखा के सैन्य और नागरिक ठिकानों पर लगातार नजर बनाए हुए थे।

रिपोर्ट में कहा गया है कि निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगान-30 उपग्रह भुज, नलिया और जामनगर जैसे इलाकों की निगरानी कर रहे थे। इनका फोकस अग्रिम वायुसेना अड्डों, नौसैनिक प्रतिष्ठानों और जामनगर स्थित ऊर्जा ठिकानों पर था। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सीमा के निकट स्थित भुज और नलिया एयरबेस इन उपग्रहों की सर्विलांस रेंज में थे, जबकि अरब सागर में तैनात नौसेना के INS सरदार पटेल और INS द्वारका की गतिविधियां भी ट्रैक की जा रही थीं। जामनगर रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स और उसके बंदरगाह भी इनके दायरे में बताए गए हैं।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के दिन चीन के याओगान-43 01G उपग्रह ने अपनी कक्षा बदली थी, ताकि भारतीय सैन्य ठाकनों पर अधिक समय तक निगरानी रखी जा सके। बता दें कि पहलगाम हमले के बाद मई 2025 के शुरुआती हफ्ते में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ था, जो 10 मई तक चला था। इस दौरान चीन द्वारा पाकिस्तान को हथियार उपलब्ध कराए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

सुरक्षा विश्लेषकों की चेतावनी के अनुसार, समुद्री संपत्तियों की आवाजाही का अंदाजा लगाने के लिए एक अच्छी सैटेलाइट तस्वीर ही काफी होती है। हालांकि, रिपोर्ट में इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि चीन ने यह खुफिया डेटा सीधे पाकिस्तान के साथ साझा किया या नहीं। रिपोर्ट में यह आगाह भी किया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर ने अंतरिक्ष आधारित लगातार निगरानी के प्रति भारत के महत्वपूर्ण सैन्य बुनियादी ढांचे की बढ़ती संवेदनशीलता को उजागर किया है।