चित्रकूट में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझाने और ईवीएम के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। जिले में कलेक्ट्रेट के साथ कर्वी और मऊ तहसील में स्थापित इन केंद्रों पर आम नागरिक ईवीएम पर वोट डालकर अभ्यास कर सकते हैं और वीवीपैट की कार्यप्रणाली भी समझ सकते हैं, ताकि उन्हें अपने डाले गए वोट की स्थिति की जानकारी रहे। ये केंद्र प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे और चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक मतदाताओं को यह सुविधा मिलेगी।

कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को कार्यवाहक जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने स्वयं ईवीएम पर वोट डालकर पूरी प्रक्रिया देखी। शुभारंभ में भाजपा के जिला महामंत्री अश्वनी अवस्थी, एसडीएम अजय यादव, बसपा जिलाध्यक्ष शिवबाबू वर्मा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुशल पटेल भी मौजूद रहे।

ईवीएम-वीवीपैट के नोडल अधिकारी एवं एडीएम (नमामि गंगे) स्वप्निल यादव ने बताया कि जागरूकता के लिए प्रदर्शन केंद्रों के अलावा मोबाइल वैन और डिजिटल माध्यमों का भी सहारा लिया जाएगा। अभियान को न्याय पंचायत स्तर तक ले जाने की योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता भी मतदान प्रक्रिया से परिचित हो सकें।

चित्रकूट के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि केंद्र पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मशीन के संचालन की जानकारी दी जा रही है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर तहसील परिसर में पोस्टर भी लगाए गए हैं, ताकि पात्र लोग सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियां ठीक कराने के लिए जागरूक हों।