विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को चित्रकूट के बछरन स्थित श्री हरिमोहन सिंह इंटर कॉलेज में पुरातात्विक और ऐतिहासिक विरासत पर आधारित छायाचित्र व अभिलेख प्रदर्शनी आयोजित की गई। यह प्रदर्शनी क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई और क्षेत्रीय अभिलेखागार प्रयागराज की ओर से लगाई गई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पुरातात्विक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराना था।
प्रदर्शनी में प्राचीन शैलचित्रों से लेकर मंदिरों, दुर्गों और उत्खनन में मिले पुरातात्विक अवशेषों को तस्वीरों के माध्यम से दिखाया गया। इसमें मातृ देवी के प्राचीन प्रतीक, लहरादेवा, मल्हार और हुलासखेड़ा के उत्खनित अवशेषों के साथ कौशांबी, कुशीनगर और जाजमऊ के पुरातात्विक साक्ष्य शामिल रहे। इसके अलावा चुनार दुर्ग, कर्दमेश्वर महादेव, सारनाथ मंदिर, गुरुधाम मंदिर और गोवर्धन की छतरियों सहित कई ऐतिहासिक स्थलों के छायाचित्र भी प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान ‘हमारी विरासत, हमारा गौरव’ विषय पर चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। चित्रकला में काजल चौधरी ने प्रथम, वंदना ने द्वितीय और अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजलि मिश्रा और नम्रता को सांत्वना पुरस्कार मिला। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 20 विद्यार्थियों को विजेता घोषित किया गया।
व्याख्यान में क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी राकेश कुमार वर्मा ने चित्रकूट परिक्षेत्र के पुरातात्विक और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी दी। इतिहासकार डॉ. संग्राम सिंह ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्व पर विचार रखे। इस अवसर पर धीरेंद्र सिंह, जीतेंद्र सिंह सहित शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
