अभिजीत दीपके की अगुवाई वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर में पदाधिकारियों की घोषणा की है। इनमें सबसे बड़ी 16 सदस्यीय समिति उत्तर प्रदेश की है, जहां कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव हैं। हालांकि पार्टी ने चुनाव लड़ने से इनकार किया है।
महाराष्ट्र में 15, झारखंड और पूर्वोत्तर में 14-14, बिहार में 13, पश्चिम बंगाल में 12, हरियाणा और उत्तराखंड में 6-6, राजस्थान में 5 और जम्मू-कश्मीर में 4 सदस्य नियुक्त किए गए हैं। इससे पहले पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर टीम का ऐलान किया था, जिसके संयोजक अभिजीत दीपके बने थे। क्षितिज पगार को पश्चिमी जोन और डॉक्टर विवेक सांगवान को उत्तरी जोन का प्रभारी बनाया गया है, जबकि मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली उत्तरी जोन समन्वय समिति के सदस्य हैं।
पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुभाश्री दास ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि CJP एक राजनीतिक दबाव समूह है और आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई राजनीतिक दल खड़ा करने की योजना नहीं है। राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे के अनुसार, ये सदस्य राज्य स्तर पर काम करेंगे। पहले लोकसभा क्षेत्रों में काम होगा और सदस्यता बढ़ने पर विधानसभा स्तर तक जाया जाएगा। पार्टी ने सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है, जिसकी शुरुआत महाराष्ट्र से हुई है।
CJP लगातार SIR समेत कई मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। दीपके ने दावा किया था कि भाजपा 2029 के लोकसभा चुनाव में सत्ता से बाहर हो जाएगी और यह बदलाव चुनाव के जरिए ही होगा। पार्टी ने चुनाव आयोग के खिलाफ भी मोर्चा खोल रखा है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त पद से ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था लागू होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
