उत्तर प्रदेश में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। सोमवार को राज्य के 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं, नोएडा-गाजियाबाद समेत 30 से ज्यादा शहरों की हवा दूषित हो गई है और 10 शहरों का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 200 के पार दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में भी सर्दी का असर बढ़ गया है। रात और सुबह के समय तेज ठंड पड़ रही है। सोमवार को इंदौर, जबलपुर और उज्जैन समेत 16 शहरों में पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

राजस्थान में दो दिन हुई बारिश से दिन के तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा।

उत्तराखंड के सभी जिलों में बर्फबारी होने से ठंड लगातार बढ़ रही है। इसके मद्देनजर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को शीतलहर से निपटने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।