महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक जंगल में 35 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान वर्षा तुरकर के रूप में हुई है, जो पुणे एयरपोर्ट पर एक निजी एयरलाइन के टिकट काउंटर पर काम करती थी और दिवाली की छुट्टियों में अपने घर आई थी।

पुलिस के अनुसार, वर्षा शनिवार शाम करीब 4 बजे गोंदिया के मनोहर चौक निवासी अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ घर से निकली थी। दोनों तिरोड़ा तहसील के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र के अर्जुनी-बोंडरानी में वैनगंगा नदी के पास सागौन के जंगल में गए थे। अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेरकर लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर वर्षा के पेट में चाकू घोंप दिया। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अग्रवाल का दावा है कि नकाबपोश लुटेरे करीब 40,000 रुपये कैश और सोने के गहने लेकर फरार हो गए। हालांकि, जांच में वर्षा के गले की सोने की चेन सुरक्षित मिली, जिससे लूट की कहानी पर संदेह गहरा गया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या यह वाकई लूटपाट का मामला था या हत्या के पीछे कोई और साजिश है।

दवनीवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नितेश अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सबूत जुटाने के लिए मौके पर डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीमें भेजी गई हैं। पुलिस लूट के एंगल के साथ-साथ घटना के वक्त मौजूद दोस्त की भूमिका समेत हर पहलू से तफ्तीश कर रही है।