गुजरात के मोरबी-राजकोट हाईवे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सड़क पर करीब सात बार पलटी खाने के बाद सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, हादसे में कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। मृतकों की पहचान राजकोट निवासी अमन गणेशभाई बाबरिया (25 वर्ष) और प्रभात कालूभाई लामका (28 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल 35 वर्षीय जीवण सवाभाई डाभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि तीनों युवक मंडप डेकोरेशन का काम करते थे और इसी सिलसिले में मोरबी आ रहे थे। टंकारा के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। सीसीटीवी फुटेज में कार तेज रफ्तार से जाती और फिर अनियंत्रित होकर पलटती दिख रही है।

स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।