महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के बोंद्रानी गांव में एक 35 वर्षीय एयर होस्टेस की धारदार हथियार से हमले में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव वैनगंगा नदी के पास मिला। पुणे की रहने वाली वर्षा तुरकर दिवाली के लिए अपने घर आई थीं। परिवार के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम उन पर चाकू से हमला किया गया था और उनकी पीठ पर चार वार किए गए थे।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, वर्षा अपनी ढाई साल की बेटी के साथ दिवाली मनाने के लिए अपने मायके गई थीं। 14 नवंबर को वह गोंदिया के रहने वाले अपने दोस्त रितेश अग्रवाल के साथ बोंद्रानी गांव में वैनगंगा नदी के किनारे घूमने गई थीं। शाम करीब 6 बजे रितेश ने वर्षा के जीजा अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया है और वर्षा को चाकू मार दिया है। परिवार के लोग उन्हें खैरलांजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने शाम करीब 7 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खैरलांजी पुलिस ने घटना की जानकारी दवानीवाड़ा पुलिस को दी, क्योंकि बोंद्रानी गांव दवानीवाड़ा थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। दवानीवाड़ा पुलिस रितेश और अश्विनी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नदी किनारे क्या हुआ और वर्षा पर हमला किसने किया। पुलिस ने अभी तक किसी की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
शुरुआत में पुलिस को शक था कि हत्या के पीछे लूटपाट की वजह हो सकती है, हालांकि हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। वर्षा के पिता धुरलाल तुरकर ने बताया कि उनकी बेटी पुणे में एयर होस्टेस के तौर पर काम करती थी और दिवाली मनाने के लिए मायके आई थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वारासिवनी पुलिस थाने के प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि 14 नवंबर की शाम खैरलांजी अस्पताल से पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी।
