गोवा विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने नागरिक घोषणापत्र जारी करने का ऐलान किया है। पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने बताया कि CJP एक मैनिफेस्टो ड्राफ्ट तैयार करेगी और आम लोगों से बातचीत कर उसमें उनकी मांगें जोड़ी जाएंगी। उन्होंने कहा कि गोवा में वोट मांगने आने वाली किसी भी पार्टी को अपने घोषणापत्र के बजाय इसी घोषणापत्र की मांगों पर सहमति जतानी होगी। रांका के अनुसार, गोवा के लोग केवल उसी पार्टी को वोट देंगे जो इन मांगों को पूरा करने पर राजी होगी। घोषणापत्र का पहला एजेंडा 39A को हटाना होगा।

गोवा में आयोजित CJP क्लब में रांका ने कहा कि अगले तीन महीनों में गोवा के लोगों के पास अच्छा मौका है। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ मिलकर गोवा के लिए घोषणापत्र तैयार करेगी और तीन महीनों तक लोगों के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि CJP का एजेंडा सिर्फ भारत को बचाना नहीं है। पिछले एक महीने चुप रहने की वजह पर उन्होंने कहा कि पार्टी ब्रेक एन्जॉय कर रही थी और परिवार के साथ समय बिता रही थी। उन्होंने कहा कि देश के युवा अपना भविष्य तय करेंगे और 2047 में भारत का भविष्य युवा तय करेंगे। रांका ने कहा कि पार्टी का प्लैटफॉर्म देशभर के युवाओं ने मिलकर बनाया है।

पार्टी ने चुनाव लड़ने से इनकार किया है। अभिजीत दीपके ने कहा कि वे चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि लोगों का साथ देने आए हैं। दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों को प्रभावित करने वाले असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने निर्वाचित नेताओं की खरीद-फरोख्त और वोट चोरी की भी आलोचना की। दीपके ने देशभर के नागरिकों से धर्म और जाति की पहचान से ऊपर उठकर रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।