संविधान दिवस के मौके पर नागपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली आयोजित की गई। रैली से पहले पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने दीक्षाभूमि जाकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। दीपके ने कहा कि यह दिन देश के हर व्यक्ति के लिए पवित्र है, क्योंकि इसी दिन आंबेडकर ने देश को संविधान दिया था।
रैली में हुई भीड़ की तस्वीरें साझा करते हुए दीपके ने तंज कसा और लिखा कि उनके पास शायद सत्ता है, लेकिन हमारे पास संविधान है। उन्होंने नागपुर के लोगों का आभार भी जताया। कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा पर हमला बोला और विपक्ष पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सभी राजनीतिक दलों ने डॉ. आंबेडकर को एक समुदाय तक सीमित कर दिया है, जबकि वे पूरे देश के नेता थे और 'जय भीम' पूरे देश का नारा होना चाहिए।
दीपके ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए सीजेपी संघर्ष कर रही है और उनका पार्टी बनाने का विचार नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल से करते हुए कहा कि 1970 के दशक में भी किसी को तानाशाही का भूत चढ़ा था। उन्होंने मौजूदा सरकार पर सरकारी संस्थाओं पर कथित कब्जा करने और उद्योगपतियों के साथ करीबी संबंध रखने के आरोप लगाए।
रैली में अभिनेता प्रकाश राज ने भी संबोधित किया और संविधान की रक्षा, युवाओं के मुद्दों तथा शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार पर अपनी बात रखी। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार डरी हुई है और शांतिपूर्ण आंदोलनों को रोकने की कोशिशों के बावजूद लोग अपनी बात कहते रहेंगे। रैली के आयोजन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि नागपुर भारत में है, पाकिस्तान में नहीं।
