कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शीर्ष नेता आशुतोष रांका ने कहा है कि पार्टी का फिलहाल चुनाव लड़ने का कोई प्लान नहीं है। हस्तक्षेप पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि सीजेपी एक स्वतंत्र समूह और प्रेशर ग्रुप है, जिसका अपना साफ एजेंडा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखना जरूरी है, क्योंकि कल को किसी राज्य में कांग्रेस की सरकार आकर कुछ गलत करे तो सीजेपी कांग्रेस से भी सवाल करेगी। रांका ने कहा कि अगर आज केंद्र में कांग्रेस की सरकार होती तो सवाल कांग्रेस से भी पूछा जाता।
रांका ने बताया कि आज भाजपा से सवाल इसलिए पूछे जा रहे हैं, क्योंकि उनकी केंद्र में सरकार है और 21 राज्यों में सरकार है। उन्होंने कहा कि कल को कांग्रेस या आम आदमी पार्टी के साथ ऐसा होगा तो रुख यही रहेगा। उन्होंने साफ किया कि सीजेपी INDIA अलायंस का हिस्सा नहीं है और न ही चुनाव लड़ रही है। लोकसभा चुनाव में उतरने की संभावना पर उन्होंने कहा कि वे इतना नहीं सोचते और अभी छह महीने से साल भर के दायरे में काम करते हैं।
सीजेपी ने SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। रांका ने कहा कि हमेशा आंदोलन वाले मोड में भी नहीं रहा जा सकता। उन्होंने कहा कि अगर कोई राजनीतिक दल चुनाव आयोग के मुद्दे पर आंदोलन करता है तो सीजेपी उसका समर्थन करती है, लेकिन राजनीतिक दल की अपनी विचारधाराएं होती हैं, इसलिए दूरी बनाना जरूरी है।
इस बीच सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने रविवार को कहा कि गोवा में पहली मीटिंग हुई है और उस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खबरों के मुताबिक, इस अभियान का नाम 'चिल्ला केतम गोवा' रखा गया है, जिसके तहत पार्टी गोवा में लोगों से सीधे जुड़ने की तैयारी कर रही है। गोवा में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और इसी बीच सीजेपी के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं फिर शुरू हो गई हैं।
