लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मां सावित्री देवी के निधन की खबर मिलने के बाद उत्तराखंड के अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यहां उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कुछ देर तक उनके पास खड़े होकर एकटक निहारते रहे। इस दौरान वह भावुक हो गए। सार्वजनिक जीवन में कठोर अनुशासन के लिए पहचाने जाने वाले मुख्यमंत्री के लिए यह बेहद भावुक क्षण था। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मां के साथ तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश भी लिखा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सावित्री देवी बेहद सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव की थीं। उनका परिवार पंचूर गांव में ही रहता है। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक, सुबह उनकी मां को सांस लेने में परेशानी हो रही थी और वह पिछले करीब एक साल से बोल भी नहीं पा रही थीं। निधन के समय घर पर महेंद्र सिंह बिष्ट और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे। मां के निधन की सूचना मुख्यमंत्री को उस समय मिली, जब वह गोरखपुर में युवाओं को टैबलेट वितरित करने के कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें इस दुखद खबर की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपना आगे का कार्यक्रम स्थगित किया और उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। उनका गोंडा जाने का प्रस्तावित कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया।

मां के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में नाते-रिश्तेदार और ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे। गांव में हर तरफ शोक की लहर है। परिजनों के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा। इसके लिए परिवार के सदस्य शनिवार सुबह करीब सात बजे पंचूर गांव से सड़क मार्ग के जरिए हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ का यह पांचवां पंचूर दौरा बताया जा रहा है। इससे पहले वह तीन मई 2022 को अपने भतीजे के चूड़ाकर्म संस्कार में शामिल होने पैतृक गांव पहुंचे थे। इसी साल नौ फरवरी को भी वह अपनी मां से मिलने उत्तराखंड गए थे, जब सावित्री देवी की आंखों का ऑपरेशन हुआ था। योगी आदित्यनाथ का परिवार सात भाई-बहनों का है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे, जिनका 20 अप्रैल 2020 को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। कोरोना महामारी के दौरान मुख्यमंत्री अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के कारण पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे और उन्होंने पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर पाने का दुख भी व्यक्त किया था।