लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले पुत्रधर्म निभाया और फिर राजधर्म का पालन किया। शुक्रवार को उनकी मां सावित्री देवी का निधन हो गया था। उस समय सीएम योगी गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में थे, जहां 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट बांटे गए। उन्होंने पहले यह कार्यक्रम पूरा किया, फिर गोरखपुर से सीधे पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव पहुंचे।

गांव पहुंचकर सीएम योगी मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और बिना अन्न-जल ग्रहण किए अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे रहे। शनिवार सुबह मां की अंतिम यात्रा पंचूर गांव से हरिद्वार के लिए निकली। सीएम योगी शवयात्रा में शामिल हुए और मां की अर्थी को कंधा देकर पुत्र ऋण चुकाया। हरिद्वार में उन्होंने भाइयों के साथ चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान वे काफी भावुक दिखे।

अंतिम संस्कार के विधि-विधान पूरे करने के बाद सीएम योगी हरिद्वार से सीधे लखनऊ लौटे, जहां पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम पहले से तय था। पीएम मोदी बिहार में नीतीश सेतु का उद्घाटन करने के बाद लखनऊ पहुंचे थे और इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। सीएम योगी ने पीएम मोदी का स्वागत किया और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं से जुड़ी सरकार की योजनाओं पर बात की। सोशल मीडिया एक्स पर सीएम योगी ने लिखा कि विकास और विरासत की समृद्ध धरती उत्तर प्रदेश में पीएम नरेंद्र मोदी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से पीएम मोदी का स्वागत किया। भाषण की शुरुआत में सीएम योगी भावुक दिखे, लेकिन उन्होंने अपने कर्तव्य को पूरी तरह निभाया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी सीएम योगी के पुत्रधर्म और राजधर्म निभाने की चर्चा की और इस दौरान कुछ पल के लिए भावुक दिखे। जयंत चौधरी ने कहा कि आज सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां को अंतिम विदाई दी है। एक पुत्र के लिए मां का जाना बड़ा भावुक क्षण होता है। अब वे राजधर्म निभाने के लिए कार्यक्रम में मौजूद हैं। इस प्रकार अपने कार्य के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है।