उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर किया गया। शुक्रवार को उनका निधन हुआ था। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच संपन्न अंतिम संस्कार में उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घाट पहुंचकर दिवंगत आत्मा के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से भेंट कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
संत समाज की ओर से पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण मौजूद रहे। इसके अलावा श्रीमहंत रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, आचार्य प्रमोद कृष्णम, श्रीमहंत रूपेंद्र प्रकाश, बाबा हठयोगी, स्वामी दर्शन भारती, श्रीमहंत संजय, महंत ऋषिश्वरानंद और स्वामी कल्याण देव सहित कई संत-महात्माओं ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा आम लोग मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
