मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उनका बचपन यमकेश्वर क्षेत्र के ग्राम जैहरी (भृगुखाल) में तीन बहनों के परिवार में बीता। वह तीनों बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनकी दो अन्य बहनें सरला देवी और सरोज देवी हैं। तीनों बहनों का पालन-पोषण ग्राम जैहरी में हुआ। उनके पिता अमर सिंह नेगी पेशे से शिक्षक थे और घर में शिक्षा तथा अनुशासन का माहौल था। तीनों बहनों का बचपन इसी परिवेश में बीता।

मायके से सावित्री देवी का जुड़ाव आजीवन बना रहा। उनकी छोटी बहन सरोज देवी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रहती हैं। उन्होंने बताया कि परिवार में तीन बहनें थीं—सबसे बड़ी सावित्री देवी, उसके बाद सरला देवी और फिर वह स्वयं। विवाह के बाद भी तीनों बहनों के आपसी संबंध बने रहे।

सरोज देवी के पुत्र कविंद्र बिष्ट ने बताया कि उनका अपनी मौसी से नियमित संपर्क रहता था। वह समय-समय पर फोन पर बात कर उनका हालचाल पूछती थीं और आशीर्वाद भी देती थीं। परिवार के सदस्यों के बीच यह आत्मीय संवाद बना रहा। परिवार की जिम्मेदारियों और व्यस्तताओं के बीच भी सावित्री देवी ने अपने मायके के रिश्तों को बनाए रखा।