उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का जीवन सादगी का उदाहरण माना जा सकता है। पहाड़ में जन्म लेने वाली सावित्री देवी ने अपनी अंतिम सांस भी वहीं ली। शहर की चमक-दमक उन्हें अपने गांव से दूर नहीं कर सकी और बेटे की राजनीतिक पहचान भी उनके रहन-सहन को नहीं बदल पाई। 92 साल की उम्र पार करने के बाद भी वह घास लेने निकल जाती थीं। पंचूर गांव के निवासी बताते हैं कि वह सुन-बोल नहीं पाती थीं, लेकिन खेती-बाड़ी और गाय-बछिया का काम करती रहीं।
सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में वन सीओ के पद पर कार्यरत थे। रिटायर होने के बाद उन्होंने यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में ही जीवन बिताने का फैसला किया और पहाड़ की परंपराएं कभी नहीं छोड़ीं। पिता के निधन के बाद मां ने भी उसी राह पर कदम बढ़ाया। खेती-पशुपालन उनकी आजीविका का हिस्सा रहा। दोनों ने बच्चों को शिक्षा और संस्कार दिए। एक बेटा संन्यास के मार्ग पर निकल पड़ा और नाथ संप्रदाय से जुड़ गया, फिर भी परिवार ने गांव में ही रहना चुना। सावित्री देवी ने अपने तीन बेटों और तीन बेटियों को पाला। एक बेटा शैलेंद्र सिंह बिष्ट सेना में भर्ती हुए, जबकि दो बेटों मानेंद्र और महेंद्र ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ना चुना। बाद में महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय कॉलेज बिथ्याणी में काम करना शुरू किया।
मां सावित्री देवी को अपने बेटे की उपलब्धियों पर हमेशा गर्व होता था और मुख्यमंत्री बनने की खबर से वह काफी खुश हुई थीं। बेटे के संन्यास लेने के बाद उन्होंने उन्हें कभी नाम से नहीं बुलाया। सीएम योगी की बहन के अनुसार मां भी उन्हें महाराज जी ही कहकर संबोधित करती थीं और परिवार के लोग भी उन्हें महाराज जी कहते थे। संन्यास के बाद भी सीएम योगी मां के प्रति अपने कर्तव्य नहीं भूले। मां के निधन से दो दिन पहले ही उन्होंने परिजनों से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की थी। पंचूर गांव में परिवार के सदस्य सीएम योगी के संपर्क में रहकर मां के स्वास्थ्य की जानकारी देते थे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां से छह माह पहले मुलाकात की थी। सीएम योगी 7 मई को पंचूर गांव आए थे, जहां नवनिर्मित हरि विष्णु पंचदेव मंदिर में मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा और पूजा-अर्चना कार्यक्रम आयोजित किया गया था। 8 मई को उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद पैतृक गांव में परिवार और मां सावित्री देवी से मुलाकात की। इस दौरे में उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय में स्वर्गीय पिता आनंद सिंह बिष्ट की प्रतिमा का अनावरण भी किया। यही मुलाकात मां से उनकी आखिरी मुलाकात साबित हुई।
