कोल इंडिया अपनी सहायक कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की योजना पर आगे बढ़ रही है। इस कड़ी में बीसीसीएल और सीएमपीडीआईएल पहले ही सूचीबद्ध हो चुकी हैं, और अब सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सूचीकरण की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है। मध्य प्रदेश स्थित नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को भी सूचीबद्ध करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
झारखंड की औद्योगिक पहचान के लिए यह अहम माना जा रहा है। राज्य में बीसीसीएल, सीसीएल और सीएमपीडीआईएल जैसी तीन बड़ी कंपनियां कार्यरत हैं। धनबाद स्थित बीसीसीएल देश में कोकिंग कोल उत्पादन की प्रमुख कंपनी है, जबकि रांची मुख्यालय वाली सीएमपीडीआईएल कोयला खनन की योजना, अनुसंधान, तकनीकी परामर्श और खदानों के विकास से जुड़ी भूमिका निभाती है। सीसीएल झारखंड के कोयला उत्पादन और राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
सीसीएल के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से झारखंड की औद्योगिक और आर्थिक पहचान को मजबूती मिल सकती है। इससे कंपनी की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ने, निवेशकों की भागीदारी बढ़ने और कंपनी के वास्तविक बाजार मूल्य के आकलन में मदद मिलने की उम्मीद है। कोल इंडिया की यह पहल सहायक कंपनियों को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने और उनके कामकाज में व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बीसीसीएल और सीएमपीडीआईएल के बाद यदि सीसीएल भी सूचीबद्ध होती है, तो झारखंड देश का ऐसा महत्वपूर्ण राज्य बन जाएगा, जहां कोल इंडिया की तीन प्रमुख सहायक कंपनियों की शेयर बाजार में सीधी मौजूदगी होगी। इससे राज्य की औद्योगिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।
