कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 'कॉकरोच क्लब' की शुरुआत की है। पार्टी नेता आशुतोष रांका ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि क्लब की शुरुआत हो चुकी है और पूरा एपिसोड जल्द ही जारी किया जाएगा। रांका ने अपने एक्स हैंडल पर 11 तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें कलाकार प्रस्तुति देते और दर्शक नजर आ रहे हैं।
तस्वीरों में एक फ्रेम में आशुतोष रांका और सौरव दास स्टेज पर दिखाई देते हैं, जहां सौरव माइक पर बोल रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में अजिंक्य शिंदे नजर आते हैं, जिन्होंने उस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई की थी जब सीजेपी के सभी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। एक तस्वीर में पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह भी दिखाई देती हैं, जिनके बगल में स्टैंड-अप कॉमेडियन मराठी कपिल खड़े हैं।
हालांकि, इन तस्वीरों में सीजेपी के मुखिया अभिजीत दीपके कहीं नजर नहीं आते, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्होंने इस कार्यक्रम में भाग नहीं लिया।
पार्टी के अनुसार, इस क्लब में कॉमेडी, व्यंग्य और बौद्धिक चर्चाओं के जरिए महात्मा गांधी की विचारधारा और देश में उनके योगदान के बारे में युवाओं, खासकर जेन-जी को जानकारी दी जाएगी। पार्टी का मकसद गांधीजी के विचारों को पारंपरिक चर्चाओं से आगे ले जाकर युवा पीढ़ी से जोड़ना है। इस पहल के तहत शनिवार (21 नवंबर) को पुणे में 'लिगेसी ऑफ बापू' का पहला कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके साथ कॉकरोच क्लब की भी शुरुआत हुई।
