कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गुरुवार शाम 4 बजे नागपुर के संविधान चौक पर 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन और जनसभा करेगी। इससे पहले CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव अब केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। दीपके ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक पोस्ट दबाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से अधिक पोस्ट हटाए गए। विरोध जताने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी की तस्वीर लगाई गई और मोदी चालीसा बजाई गई।

दीपके ने कहा कि देश को संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुसार चलना चाहिए। उनके मुताबिक, CJP किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करती और न ही पार्टी बनाने की योजना है। संगठन रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता देना चाहता है।

प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज और CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। रांका ने बताया कि संगठन महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त विदर्भ और मराठवाड़ा में छह दिवसीय 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान चलाएगा, जिसके तहत सदस्य किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सामने लाएंगे। गोवा में अच्छे रिस्पॉन्स के बाद यह अभियान दिल्ली, केरल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी चलाया जाएगा। गोवा में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर नागरिक घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा।

CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR प्रक्रिया के विरोध में देश के विभिन्न शहरों में प्रदर्शन कर रही है। इससे पहले CJP ने मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली और कोच्चि में प्रदर्शन किए थे।