उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का असर तेज हो गया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में लगातार दूसरे दिन शीतलहर का अलर्ट है, जहां 4 जिलों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

जम्मू-कश्मीर में पारा लगातार गिर रहा है। गुरुवार को कुलगाम में पेड़ों पर बारिश का पानी जम गया, जबकि यहां तापमान माइनस में बना हुआ है। श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। दक्षिण भारत में भी सर्दी का असर दिख रहा है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू में तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम रही। रायलसीमा में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अगले दो दिनों में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दिल्ली की हवा गुरुवार को लगातार 12वें दिन 'खराब' श्रेणी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 224 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा 15 नवंबर से लगातार 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक 201 से 300 के बीच का एक्यूआई 'खराब' श्रेणी में आता है।