कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शनिवार को आगरा के रोहता नहर चौराहा के पास आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद भी भाजपा वहां चुनाव हार गई, और अब मथुरा में इसी तरह की राजनीति की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अयोध्या और काशी जैसी गलती मथुरा में न दोहराई जाए। उन्होंने भगवान राम के नाम पर दशकों तक राजनीति और सत्ता का व्यापार करने का आरोप भाजपा पर लगाया और कहा कि पार्टी अब सनातन धर्म की नगरी मथुरा को राजनीतिक दंगल बनाने में जुटी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहकर जनता को भाजपा के छल से बचाने की अपील की।

प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर वोट और चंदा चोरी का भी आरोप लगाया और कहा कि झूठ और छल के सहारे सत्ता तक पहुंची सरकार की असलियत जनता समझ चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। आगरा की औद्योगिक पहचान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ताजमहल, पेठा और चमड़ा उद्योग इस शहर की पहचान हैं, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों से एमएसएमई क्षेत्र कमजोर हुआ है और युवा रोजगार के लिए दूसरे शहरों में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर आगरा के जूता और चमड़ा उद्योग को फिर खड़ा किया जाएगा और फिरोजाबाद के कांच उद्योग को भी नई जिंदगी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल रहा है और आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए सरकार ने किसानों को डंडा थमाने के अलावा कुछ नहीं किया। महंगाई और बेरोजगारी से नौजवान परेशान हैं। राहुल गांधी के समर्थन में उन्होंने कहा कि वह जनता के अधिकार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं। बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने कहा कि भाजपा शासन में किसान और नौजवान परेशान हैं तथा सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर वोट, चंदा, सांसद और विधायक चोर होने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस शासन में गरीब और मजदूर के बेटे को भी आगे बढ़ने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी की बृज जोन प्रदेश अध्यक्ष हृदेश चौधरी, भाजपा के कृष्ण मुरारी अग्रवाल, आजाद समाज पार्टी के अटल सागर, बसपा के यशवंत भास्कर और रालोद की अनीता चाहर समेत कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर के बीच माइक को लेकर कहासुनी हो गई और दोनों पक्षों के समर्थक सक्रिय हो गए, जिसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।