कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में 'संविधान रक्षा यात्रा' निकालेगी। पार्टी नेताओं ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर यह जानकारी दी। यात्रा नेहरू भवन से शुरू होकर हजरतगंज स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक जाएगी।
यात्रा के संयोजक व कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया और उज्ज्वल रमण सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि इसका उद्देश्य संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना है। उन्होंने सिविल सोसाइटी, सामाजिक संगठनों, युवाओं और संविधान में आस्था रखने वाले सभी लोगों से यात्रा में शामिल होने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के वोट की बुनियाद पर ही प्रजातंत्र खड़ा है और वोट के अधिकार की रक्षा करना संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना है।
सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग को अपने नियंत्रण में रखने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2023 के कानून के जरिये चुनाव आयुक्तों की चयन समिति से मुख्य न्यायाधीश को हटाकर एक मंत्री को शामिल कर लिया गया। उन्होंने एसआईआर के तीन चरणों में 13.39 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने का दावा किया। उन्होंने उप्र पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों के अंतर तथा 66 लाख मतदाताओं के नाम गायब होने का भी आरोप लगाया।
तनुज पुनिया ने कहा कि संविधान और प्रजातंत्र की बुनियाद एक वोट है और वोट का अधिकार छीनने का अर्थ दोनों को कमजोर करना है। उन्होंने बाबा साहब आंबेडकर की चेतावनियों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक वोट बचाना ही संविधान बचाना है।
