उत्तराखंड में सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में सावधानी बरत रही है। पार्टी केवल दावों और वरिष्ठ नेताओं की सिफारिशों के आधार पर उम्मीदवार तय नहीं करेगी, बल्कि दावेदारों के राजनीतिक दमखम, क्षेत्र में सक्रियता और जनस्वीकार्यता को भी परखेगी। इसके लिए स्क्रीनिंग कमेटी जिलों का दौरा कर दावेदारों की जमीनी स्थिति आंकेगी।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी की प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में इस कार्ययोजना पर सहमति बनी। कमेटी जिला मुख्यालयों में विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं का बायोडाटा एकत्र करेगी। इसके बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्रों से उनके दावों और राजनीतिक स्थिति को लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा।
शनिवार को देहरादून पहुंची स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी और दोनों सदस्यों अनिल चौधरी व पालभाई अंबालिया ने कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी, उनकी जमीनी स्थिति और चयन प्रक्रिया पर विमर्श किया और सुझाव लिए। पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में सहमति बनी कि विधानसभा क्षेत्रवार जाने के बजाए स्क्रीनिंग कमेटी जिला मुख्यालयों में जाकर दावेदारों का बायोडाटा जुटाएगी। दौरे कब से होंगे, इस पर रविवार को निर्णय लिया जा सकता है।
कमेटी सभी पहलुओं के परीक्षण के बाद प्रत्येक विधानसभा सीट के लिए दावेदारों का पैनल तैयार कर प्रदेश चुनाव समिति को सौंपेगी, जो इस पर विमर्श कर हाईकमान को भेजेगी। वर्ष 2017 से राज्य की सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस इस बार उम्मीदवार चयन में किसी तरह की चूक से बचना चाहती है। पार्टी के सामने चुनौती केवल मजबूत चेहरों की पहचान करना नहीं, बल्कि ऐसा प्रत्याशी चुनना भी है जो चुनाव के दौरान संगठन को साथ लेकर चल सके और अपने क्षेत्र में प्रभावी मुकाबला कर सके। दीपा दासमुंशी के अनुसार विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें ही प्रत्याशी बनाया जाएगा, जो लड़ सकते हैं और भाजपा को हराने में सक्षम हैं।
