हैदराब्दा सांसद असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस के बीच विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस नेता और प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने ओवैसी द्वारा महिला कांग्रेस नेता पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने ओवैसी के बारे में कुछ कहा था, तो ओवैसी को उन्हीं को जवाब देना चाहिए था, लेकिन उन्होंने पवन खेड़ा की पत्नी को बीच में ला दिया। शमा मोहम्मद ने यह भी कहा कि इससे पता चलता है कि ओवैसी भारतीय संस्कृति का पालन नहीं करते। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि पीएम मोदी भी इसी तरह महिलाओं पर हमला करते हैं। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी के एक पुराने बयान का जिक्र किया।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के सिलसिले में सक्रिय ओवैसी की पवन खेड़ा ने आलोचना की। जवाब में ओवैसी ने एक सभा के दौरान पवन खेड़ा की पत्नी और तेलंगाना कांग्रेस की उपाध्यक्ष कोटा नीलिमा पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद में कांग्रेस के एक व्यक्ति ने बयान दिया है और उन्हें अपने घर की फिक्र करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोटा नीलिमा हैदराबाद में चुनाव लड़ीं और उनकी जमानत जब्त हो गई।

ओवैसी के इस बयान की कांग्रेस की ओर से जमकर आलोचना की गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कोटा नीलिमा के खिलाफ की गई टिप्पणियों की निंदा की और इसे अनैतिक बताते हुए बिना शर्त माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि ओवैसी को पवन खेड़ा की आलोचना करने और कांग्रेस के राजनीतिक रुख से असहमत होने का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक हिसाब बराबर करने के लिए किसी महिला की गरिमा का अपमान स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि ओवैसी को अपना बयान वापस लेना चाहिए और कोटा नीलिमा से माफी मांगनी चाहिए।