संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास पर शुक्रवार को सांसदों की बैठक हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, महासचिव केसी वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे। बैठक में 30 नवंबर से शुरू हो रहे सत्र की तैयारी पर चर्चा हुई और परिसीमन तथा लोकसभा की 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के मुद्दे पर पार्टी का रुख तय किया गया। बैठक के बाद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार परिसीमन विधेयक वापस लाने की कोशिश कर रही है।

शनिवार सुबह 11.30 बजे खड़गे के नेतृत्व में अन्य दलों के साथ बैठक होगी, जिसमें स्टालिन और शरद गुट को भी बुलाया जाएगा। गौरतलब है कि शरद की एनसीपी ने विधेयक का समर्थन देने का ऐलान किया है। कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी करते हुए उनसे अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने को कहा है। पार्टी ने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने को भी कहा है। शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।

शुक्रवार को कैबिनेट ने लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं, जो बढ़ोतरी के बाद 815 हो जाएंगी यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। बढ़ाई गई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं और कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी। सरकार इसे 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से विधेयक पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है।