संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास पर सांसदों की बैठक हुई। इसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे। शुक्रवार को हुई इस बैठक में 30 नवंबर से शुरू हो रहे विशेष सत्र की तैयारी पर चर्चा हुई और परिसीमन विधेयक पर पार्टी का रुख तय किया गया।
बैठक के बाद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार परिसीमन विधेयक वापस लाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 11.30 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में अन्य दलों के साथ भी बैठक होगी, जिसमें INDIA ब्लॉक के साथ रणनीति बनाई जाएगी। इसके लिए स्टालिन और शरद गुट को भी बुलाया जाएगा।
इस बीच कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है, जिसमें उनसे अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी ने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने के लिए भी कहा है।
शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिव सेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।
