नई दिल्ली। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था, जो 26 जनवरी 1950 से पूरे देश में लागू हुआ। 26 नवंबर को देश संविधान दिवस मनाता है। इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत समेत न्यायपालिका के वरिष्ठ नेतृत्व ने नागरिक अधिकारों, न्यायिक जवाबदेही और कानूनी व्यवस्था में सुधार पर चर्चा की। कार्यक्रम में कहा गया कि संविधान तभी सफल है, जब आम नागरिक को सम्मान, समानता और बिना भेदभाव के न्याय मिले।
CJI सूर्यकांत ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अपनाना भारत के लिए एक असाधारण लोकतांत्रिक प्रयोग था। विविधताओं और सामाजिक-आर्थिक असमानताओं वाले देश ने लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक सिद्धांतों के जरिए स्वयं को संचालित करने का रास्ता चुना। उन्होंने जोर दिया कि लोकतांत्रिक विमर्श, संस्थागत जवाबदेही और व्यक्तिगत अधिकारों की सुरक्षा से ही इन चुनौतियों का समाधान संभव है। संविधान की असली ताकत इसी में है कि वह हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा करे और संस्थाओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह बनाए।
कार्यक्रम में कहा गया कि देश की अदालतों में लंबित मुकदमे न्याय व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती हैं। मुकदमे में देरी का असर सिर्फ कानूनी प्रक्रिया पर नहीं, बल्कि न्याय की प्रतीक्षा कर रहे व्यक्ति के जीवन पर भी पड़ता है। अदालतों से प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने और वकीलों से जिम्मेदारी के साथ पैरवी करने की अपील की गई। समय पर सुनवाई और प्रभावी कानूनी प्रक्रिया से आम लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हो सकता है।
युवा वकीलों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया, खासकर उन वकीलों को अवसर देने की बात कही गई जिनके पास बड़े पेशेवर नेटवर्क या स्थापित संपर्क नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट के नेतृत्व ने नए कानूनों और बदलती कानूनी चुनौतियों के अनुसार वकीलों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का भरोसा दिया और इसके लिए प्रतिष्ठित नेशनल लॉ स्कूलों तथा न्यायिक अकादमियों के साथ मिलकर काम करने की बात कही। वक्ताओं का मानना रहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए केवल अच्छे कानून पर्याप्त नहीं हैं; नागरिक अधिकारों की रक्षा, स्वतंत्र न्यायपालिका, जवाबदेह संस्थाएं और ईमानदार कानूनी प्रक्रिया भी उतनी ही जरूरी हैं।
