चक्रवात अकवान के कल यानी 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच टकराने का अनुमान है। इस दौरान 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग (IMD) ने पहले तूफान के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की चेतावनी दी थी। IMD ने मंगलवार को ओडिशा के छह जिलों केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी, गंजाम, गजपति और कंधमाल में भारी बारिश का अनुमान जताया है। ओडिशा सरकार ने इन छह जिलों के स्कूलों में 19 से 21 नवंबर तक तीन दिन की छुट्टी घोषित की है। तूफान का असर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों में पड़ सकता है।

आंध्र प्रदेश में चक्रवात का सबसे ज्यादा असर होने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है और 20 नवंबर को तूफान नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकरा सकता है। हवा की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तटीय जिलों में अलर्ट जारी है और NDRF की 13 तथा SDRF की 11 टीमें तैनात की गई हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने और किसानों को फसल सुरक्षित करने की सलाह दी गई है।

ओडिशा में 18 से 21 नवंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है। गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जैसे दक्षिणी जिलों में असर ज्यादा हो सकता है। निचले इलाकों में पानी भरने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा है। सरकार ने आठ जिलों में दो लाख चार हजार से ज्यादा लोगों की पहचान की है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगह पहुंचाया जाएगा। राहत केंद्र तैयार रखने और संवेदनशील गांवों से लोगों को सुरक्षित निकालने की तैयारी की गई है। हरभंगी और बदनाला बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। समुद्र में 14 मीटर से ऊंची लहरें उठने की आशंका है।

तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई समेत तटीय इलाकों में जलभराव की आशंका है और हवा की रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 नवंबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में 19 और 20 नवंबर को बारिश का अनुमान है। झारखंड में 20 और 21 नवंबर को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में चक्रवात सीधे नहीं टकराएगा, लेकिन 20 और 21 नवंबर को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

बता दें कि ईरान ने इस चक्रवात का नाम अकवान रखा है। अकवान ईरान की पौराणिक कथाओं में एक राक्षस का नाम है, जिसका जिक्र फारस के महाकाव्य 'शाहनामा' में मिलता है। कहानी के मुताबिक, अकवान एक ताकतवर दानव था, जिसका मुकाबला योद्धा रुस्तम से हुआ था।