महाराष्ट्र में दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर 'चैत्यभूमि' करने की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार (20 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मांग की कि नागपुर का नाम बदलकर 'दीक्षाभूमि' किया जाए। उन्होंने कहा कि यह डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और उनकी सामाजिक क्रांति के प्रति उचित सम्मान होगा। राउत ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस यह प्रस्ताव लाते हैं तो शिवसेना (यूबीटी) पूरा समर्थन देगी।

इस बीच शिवसेना (यूबीटी) विधायक महेश सावंत ने कहा कि उनके मन में चैत्यभूमि के प्रति गहरा सम्मान है, लेकिन दादर के पारंपरिक नाम का भी अपना महत्व है। उन्होंने दादर स्टेशन का नाम बदलने की चर्चा को फडणवीस सरकार की सोची-समझी चाल बताया और कहा कि दादर के लोग इस कदम को स्वीकार नहीं करेंगे। सावंत की यह टिप्पणी ऐसे समय आई जब शिवसेना (शिंदे गुट) नेता शिशिर शिंदे और मनसे के दादर बीएमसी पार्षद यशवंत किल्लेदार ने भी नाम बदलने का विरोध किया।

फडणवीस के समर्थक माने जाने वाले वकील गुणरत्न सदावर्ते ने कहा कि दादर स्टेशन का नाम बदलने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें यह पसंद नहीं है तो उन्हें दादर छोड़ देना चाहिए। सदावर्ते ने कहा कि कुर्ला टर्मिनस का नाम लोकमान्य तिलक टर्मिनस और विक्टोरिया टर्मिनस का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रखे जाने का किसी ने विरोध नहीं किया था।

गौरतलब है कि बुधवार (18 नवंबर) को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी थी कि राज्य सरकार ने दादर स्टेशन का नाम बदलने को मंजूरी दे दी है और इससे जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं आगामी विधानसभा सत्र में पूरी की जाएंगी।