महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया है कि ऐतिहासिक दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार के अनुसार रेलवे स्टेशन का नाम वही रहेगा और बदलाव सिर्फ मेट्रो एक्वा लाइन-3 के दादर स्टेशन से जुड़ा है, जिसका नाम ‘चैत्यभूमि’ किया जाएगा।
इस विवाद के बीच मनसे ने तीखा विरोध किया था, जबकि शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर हमला करते हुए नागपुर का नाम बदलकर ‘दीक्षाभूमि’ करने का सुझाव दिया था। कांग्रेस ने इस सुझाव का समर्थन किया था, जिसके बाद राजनीति गर्म हो गई थी।
नागपुर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह जनपद है, और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय भी यहीं है। संघ की स्थापना 100 साल पहले नागपुर में ही हुई थी। यह महाराष्ट्र का तीसरा सबसे बड़ा शहर और विदर्भ का प्रमुख राजनीतिक, सांस्कृतिक व आर्थिक केंद्र है। यहां महाराष्ट्र विधानमंडल का वार्षिक शीतकालीन सत्र भी आयोजित होता है।
नागपुर को ‘ऑरेंज सिटी’ के तौर पर भी जाना जाता है और यह बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की दीक्षाभूमि है। डॉ. आंबेडकर ने 14 अक्टूबर 1956 को नागपुर के दीक्षाभूमि में बौद्ध धर्म की दीक्षा ली थी। शहर का नाम यहां बहने वाली नाग नदी से पड़ा है; ‘पुर’ का अर्थ शहर होता है। 18वीं सदी की शुरुआत में गोंड राजा बख्त बुलंद शाह ने इस नदी के किनारे बसे कई गांवों को मिलाकर शहर की नींव रखी थी। नाग नदी सांप की तरह घुमावदार बहती है और नगर निगम के चिह्न में भी कोबरा का चित्र मिलता है। इतिहास में ‘फनिपुर’ या ‘फणीन्द्रपुरा’ जैसे नामों का भी जिक्र आता है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने हाल ही में कहा था कि जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ किया जाएगा। दिसंबर 1956 में आंबेडकर के निधन के बाद मध्य मुंबई के दादर इलाके में स्थित चैत्यभूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया था।
