दरभंगा के केवटी थाना क्षेत्र के मरने हरपुर मिल्की गांव में मंगलवार को विवाहिता रिंकू देवी (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह क्यामचक वार्ड नंबर 12 निवासी रामनारायण यादव की पुत्री और सीआरपीएफ जवान पिंटू यादव की पत्नी थी। सूचना मिलने पर देर रात मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और ससुरालियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के भाई मन्नु यादव ने आरोप लगाया कि मंगलवार दिन में मारपीट और गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित बेला दुर्गा मंदिर के निकट एक होम्योपैथी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि रिंकू देवी के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान हैं और गले पर दबाव का काला निशान है।
भाई ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में विवाह के बाद से ही सीआरपीएफ जवान पति दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था, जबकि शादी के समय 25 लाख रुपये से अधिक का दहेज दिया गया था। मृतका के 11 वर्षीय एक पुत्र और आठ वर्षीय एक पुत्री है। पुलिस को दिए आवेदन में पति पिंटू यादव, ससुर सुरेश यादव और सास रीता देवी को आरोपित किया गया है। पति और ससुर पुलिस हिरासत में हैं, जबकि सास फरार है।
परिजनों ने मृतका के पति के अवैध संबंध की भी आशंका जताई है। उनका कहना है कि पुलिस की छानबीन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
