दरभंगा के कुशेश्वरस्थान और पूर्वी कुशेश्वरस्थान अंचलों में जमाबंदी की त्रुटियों से रैयत परेशान हैं। कई रिकॉर्ड अब भी मृत पिता या दादा के नाम पर दर्ज हैं, जबकि कुछ में खाता, खेसरा, रकबा या सही नाम व पता तक ठीक नहीं है। इस वजह से खाद-बीज, फार्मर आईडी, एलपीसी और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के साथ जमीन के कागजात बनवाने और खरीद-बिक्री में कठिनाई आ रही है।
15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चले विशेष अभियान के तहत घर-घर जाकर रिकॉर्ड सुधारने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि 10 अक्टूबर से राजस्व कर्मचारियों और अंचल अमीनों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से यह तीसरा अभियान अधूरा रह गया। इससे पहले पिछले वर्ष 16 अगस्त से 20 सितंबर तक पंचायत शिविरों में आवेदन लिए गए थे, लेकिन सुधार नहीं हो सका। इस वर्ष फरवरी और मार्च में चलाई गई प्रखंड स्तरीय योजना भी अपेक्षित रूप से प्रभावी नहीं रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुधार से जुड़े आवेदन और कागजात अब भी संबंधित कर्मचारियों के आवासीय कार्यालयों में पड़े हैं और समाधान का इंतजार कर रहे हैं। अंचल में मात्र दो राजस्व कर्मचारी प्रतिनियुक्त हैं। इसके बावजूद अभियान के शुरुआती दिनों में कुछ हलकों में जमाबंदी सुधार का काम हुआ था।
कुशेश्वरस्थान पूर्वी के अंचलाधिकारी राकेश रोशन भारती के अनुसार राजस्व कर्मचारी और अंचल अमीन के हड़ताल पर चले जाने से अभियान ठप हो गया।
