मुंबई बम ब्लास्ट की जांच करने वाले दिल्ली पुलिस के पूर्व कमिश्नर और रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी नीरज कुमार ने दाऊद इब्राहिम को लेकर कई दावे किए हैं। पूर्व सांसद और वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी के शो 'आई विटनेस विद शाहिद' में उन्होंने कहा कि दाऊद सरेंडर करना चाहता था, लेकिन उसने कई शर्तें रख दीं। नीरज कुमार के मुताबिक, दाऊद से उनकी कई बार फोन पर बात हुई थी।
नीरज कुमार ने बताया कि दाऊद के करीबी मनीष लाला से पूछताछ के दौरान यह बातचीत शुरू हुई। उन्होंने कहा कि मनीष लाला के ठिकानों पर छापा मारने के बाद उन्हें सिंगापुर से फोन आया, जिसमें उसने पूछा कि उसके पीछे क्यों पड़े हैं। नीरज कुमार के अनुसार, मनीष लाला मुंबई आया और मुंबई पुलिस से जुड़े एक मामले में खुद को सरेंडर कर दिया। इसके बाद वह आर्थर रोड जेल में उससे मिलने गए, जहां मनीष लाला ने उनकी कस्टडी में आने की इच्छा जताई। दिल्ली में दर्ज एक टाडा केस में उसे हिरासत में लिया गया, जिसका उसने कोर्ट में विरोध नहीं किया।
नीरज कुमार के मुताबिक, मनीष लाला ने उनकी कस्टडी में आने के बाद दाऊद के संपर्क में आने से लेकर उसके करीबी बनने तक की पूरी कहानी बताई और कहा कि जैसे वह उनकी कस्टडी में आया, वैसे ही दाऊद भी सरेंडर कर सकता है। इसके बाद मनीष लाला ने सीक्रेट टेलीफोन के जरिए दाऊद से उनकी बात कराई। नीरज कुमार ने बताया कि पहली बातचीत में दाऊद ने कई सवाल पूछे और कहा कि अगर वह मुंबई बम ब्लास्ट में शामिल होता तो टाइगर मेमन की तरह अपनी फैमिली को वहां से हटा लेता।
नीरज कुमार ने कहा कि आरडीएक्स के बारे में पूछे जाने पर दाऊद सहम गया और कहा कि वह सरेंडर कर सकता है, लेकिन उसकी अपनी शर्तें हैं। उसकी लंबी-चौड़ी शर्तें थीं। नीरज कुमार के अनुसार, सीनियर अधिकारियों से बात के बाद तय हुआ कि शर्तों पर सरेंडर संभव नहीं है और इसके बाद बातचीत बंद हो गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि दाऊद ने अपने गैंग के बारे में कई बातें बताईं और सफाई देने की कोशिश की, लेकिन सवाल पूछने पर वह कई बार असहज हो गया। नीरज कुमार का कहना है कि दाऊद झूठ बोल रहा था और मुंबई बम ब्लास्ट की प्लानिंग उसने आईएसआई के साथ बैठकर की थी।
