दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी गईं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट आइएसबीटी से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ दिल्ली के कुल बस बेड़े की संख्या 7,088 हो गई है, जिनमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें हैं। नई बसों में 50 बसें नौ मीटर और 50 बसें 12 मीटर लंबाई की हैं। सभी वातानुकूलित और शून्य उत्सर्जन वाली हैं, और इनमें सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन बटन, वास्तविक समय में बस की स्थिति बताने वाली व्यवस्था तथा दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आनंद विहार आइएसबीटी से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के लिए अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी शुभारंभ किया। इस मार्ग पर 12 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी और दोनों दिशाओं में हर 20 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध होगी। यह सेवा गाजियाबाद, मोहन नगर, पुराने और नए बस अड्डे, हापुड़ चुंगी, डासना, मसूरी और पिलखुवा सहित प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। किराया 124 रुपये निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को केवल शहर की सीमाओं तक सीमित नहीं रखा जा सकता। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग एनसीआर और पड़ोसी राज्यों से रोजगार, शिक्षा और कारोबार के सिलसिले में दिल्ली आते हैं। सरकार का प्रयास है कि दिल्ली को आसपास के शहरों से बेहतर सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से जोड़ा जाए, ताकि लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर न रहना पड़े। इससे यातायात जाम और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
परिवहन मंत्री डा पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली में बसों की संख्या वर्ष 2028-29 तक बढ़ाकर 14 हजार करने का लक्ष्य है। इससे पहले पानीपत और करनाल के लिए भी अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को लोगों की पहली पसंद बनाना है।
